पटना: बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर एक छात्रा हवस का शिकार बन गई. शास्त्रीनगर इलाके में SSC परीक्षा की तैयारी कर रही 26 वर्षीय युवती को उसके प्रेमी ने चाकू की नोक पर बंधक बनाकर दुष्कर्म किया. पीड़िता युवती कदमकुआं स्थित एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती थी और साथ ही एक निजी नर्सिंग होम में पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थी. आरोपी मनीष यादव उसी के साथ IGMIS अस्पताल में डेटा ऑपरेटर के रूप में काम करता था.
दोनों के बीच करीब एक साल से रिश्ता चल रहा था. आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती का विश्वास जीता था. पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात आरोपी मनीष यादव ने बहाने से युवती को शास्त्रीनगर की मछली गली स्थित अपने किराए के कमरे पर बुलाया. जब युवती शादी की बात करने लगी तो मनीष भड़क गया.
उसने युवती को जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया. विरोध करने पर उसने सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया. युवती के गर्दन, हाथ और कंधे पर चोट के निशान हैं. आरोपी ने उसे बंधक बनाकर रेप किया. घटना के बाद घायल हालत में युवती खुद IGMIS अस्पताल पहुंची और वहां से पुलिस को सूचना दी.
शास्त्री नगर पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी मनीष यादव (मधेपुरा निवासी) फरार है. पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है और मोबाइल लोकेशन के जरिए उसे ट्रैक कर रही है. इस मामले में पुलिस ने कहा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.