नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में देश की राजनीति पूरी तरह बदलने वाली है. उन्होंने दावा किया कि आर्थिक संकट की वजह से सरकार बुरी तरह फंस जाएगी और राजनीति का मुख्य मुद्दा अब हिंदू-मुस्लिम नहीं, बल्कि अमीर-गरीब का होगा. राहुल गांधी ने यह बात कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की नेशनल एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में कही.
दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में हुई इस बैठक में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े करीब 50 नेता शामिल थे. सूत्रों के अनुसार, राहुल ने बैठक में पार्टी नेताओं को साफ निर्देश दिए कि अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रही किसी भी घटना पर बिना डरे आवाज उठाएं.
नया अभियान शुरू करेगी कांग्रेस
बैठक में यह भी तय हुआ कि सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस ‘साझी शहादत - साझी विरासत’ नाम से देशव्यापी अभियान चलेगी. इस अभियान की कमान राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी संभालेंगे. वरिष्ठ नेता और सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने बैठक में कहा कि अल्पसंख्यकों पर अत्याचार के मामलों में कांग्रेस की कानूनी टीम तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार रहेगी.
ईंधन की कीमतों पर हमला
इसके अलावा, कांग्रेस ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर भी सरकार पर तीखा हमला बोला. मई महीने में 10 दिनों में तीन बार हुई बढ़ोतरी पर पार्टी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर निशाना साधा. कांग्रेस रिसर्च विभाग के प्रमुख राजीव गौड़ा ने कहा कि जनता अब यह देख रही है कि सबसे पहले ‘शतक’ कौन लगाएगा- पेट्रोल की कीमत या डॉलर के मुकाबले रुपया?
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एक हफ्ते में ही पेट्रोल में 5 रुपए की बढ़ोतरी कर आम आदमी पर लगातार प्रहार किया है. गौड़ा ने कहा कि सरकार के इन फैसलों के खिलाफ जनता को अब बहुत मजबूत प्रतिक्रिया देनी चाहिए.