नई दिल्ली: देश भर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, वज्रपात और तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र के मजबूत होने के कारण 20 से ज्यादा राज्यों में मौसम का तांडव देखने को मिल सकता है.
उत्तर भारत के कुछ इलाकों में अगले दो दिन बारिश थोड़ी कम रह सकती है, लेकिन 5 जुलाई से फिर मूसलाधार बारिश का दौर शुरू होने वाला है, गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिम मध्य प्रदेश, ओडिशा भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, केरल, तटीय कर्नाटक आदि क्षेत्रों में भारी बारिश होगी. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, झारखंड, पश्चिम बंगाल आदि में 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
मछुआरों को अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के तटीय इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, कमजोर ढांचों से दूर रहने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है. मौसम से अपडेट रहने के लिए आईएमडी की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें.