नई दिल्ली: इस बार मानसून सीजन पिछले कई वर्षों की तुलना में काफी अच्छा रहा. पूरे सीजन में जोरदार बारिश दर्ज की गई. अब देश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड शुरू हो चुकी है, लेकिन कुछ राज्यों में बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है. पहले लग रहा था कि मानसून के बाद बारिश थम जाएगी, लेकिन अब भी बादल बरस रहे हैं.
2025 में बारिश के लिहाज से साल अच्छा रहा और मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 2026 में भी अच्छी वर्षा होने की संभावना है. अभी देश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13, 14 और 15 जनवरी को कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
केरल में मानसून हर बार की तरह सबसे पहले दस्तक देता है और इस बार भी यही हुआ. मानसून के दौरान यहां शानदार बारिश हुई और उसके बाद भी बारिश का दौर जारी रहा. अब मौसम ने फिर से पलटी ली है. मौसम विभाग के अनुसार, 13 से 15 जनवरी तक केरल में भारी बारिश होने की संभावना है.
आंध्र प्रदेश में भी मानसून के दौरान जोरदार बारिश हुई थी. मानसून के बाद कुछ दिनों तक बारिश थमी रही, लेकिन अब एक बार फिर राज्य में बारिश शुरू हो गई है. खासकर तटीय इलाकों में 13, 14 और 15 जनवरी को भारी बारिश का अनुमान है.
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, कर्नाटक, पुडुचेरी, रायलसीमा, माहे, यनम, कराईकल, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी 13 से 15 जनवरी तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी इन तीन दिनों के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना है. विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी अलर्ट जारी किया गया है.