हिमाचल में कुदरत का कहर! भारी बर्फबारी के बाद 350 सड़कें बंद, 4 लोगों की मौत, 683 बिजली लाइनें ठप

Global Bharat 24 Dec 2024 07:53: PM 2 Mins
हिमाचल में कुदरत का कहर! भारी बर्फबारी के बाद 350 सड़कें बंद, 4 लोगों की मौत, 683 बिजली लाइनें ठप

शिमला: हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद एक तरफ मौसम सुहावना हो गया है. वहीं दूसरी तरफ लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई है. बर्फबारी के कारण प्रदेश में यातायात प्रभावित हुआ है. कई रास्ते बंद होने के बाद प्रशासन द्वारा मंगलवार को रास्तों को खोलने का काम शुरू किया गया है. उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बताया कि शिमला में कई स्थानों पर अच्छी बर्फबारी दर्ज की गई है.

इसके चलते चौपाल, खड़ापत्थर, देहा, माड़वग जैसे स्थानों पर बर्फबारी के कारण यातायात बंद हो गया था, उसे खोलने का काम शुरू किया गया है. शिमला के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में भी सभी मार्ग खोल दिए गए हैं. अनुपम कश्यप ने कहा कि कुफरी में सोमवार देर रात ऑपरेशन चला कर रास्ते में फंसे लोगों को रेस्क्यू किया गया है. आगामी दिनों में बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन की ओर से पुख्ता तैयारियां कर ली गई हैं.

आम लोगों से अपील की है कि रास्तों पर फिसलन हो सकती है, ऐसे में एहतियात बरतें. हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हुई है. उम्मीद है कि इस बर्फबारी के सकारात्मक परिणाम आने वाले दिनों में बागवानों के लिए दिखेंगे. प्रदेश के राजस्व में बागवानी अहम भूमिका निभाता है.

350 से अधिक सड़कें बंद

सोमवार को बर्फबारी के बाद लगभग 350 से अधिक सड़कें बंद हो गई थीं. इसके बाद बड़ी तादाद में मशीनों को रास्ता साफ करने के लिए लगाया गया है. बर्फबारी से निपटने के लिए 268 मशीनें तैनात हैं. 235 सड़कों को बुधवार तक खोल दिया जाएगा और गुरुवार तक 30 सड़कों को भी खोल दिया गया. मौसम साफ रहा तो अगले दो दिनों में सभी सड़कें बहाल होंगी. रिव्यू मीटिंग कर अधिकारियों को अलर्ट पर रहने का आदेश दिया गया है. अगले पांच दिन हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि यहां टूरिस्ट के भारी तादाद में आने की संभावना है.

24 घंटे में चार लोगों की मौत

भारी बर्फबारी के चलते 683 बिजली लाइनें भी ठप हैं और पिछले 24 घंटे के दौरान चार लोगों की जान भी चली गई है. हिमाचल प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा ने बताया कि सोमवार दोपहर के बाद से हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हुई, जिसमें शिमला भी शामिल है. ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटक और बागवान खुश हैं. हालांकि, लोगों की दिक्कतें भी बढ़ी हैं.

शिमला सबसे अधिक प्रभावित

शिमला में सबसे अधिक सड़कें बंद हैं. इसके अलावा चार लोगों की मौतें हुईं, जो किसी ऊंचाई वाली जगह गिरने और फिसलने की वजह से हुई है. साथ ही कई लोगों को चोटें भी आई हैं. ओंकार शर्मा ने कहा कि बर्फबारी के चलते दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ समेत कई अन्य क्षेत्रों से टूरिस्ट के हिमाचल प्रदेश आने का भी सिलसिला जारी है. नए साल से पहले मौसम विभाग की तरफ से बारिश और बर्फबारी को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है.

हिमाचल प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने पर्यटकों को सलाह दी है. उन्होंने कहा कि मेरी पर्यटकों से अपील है कि वह निर्देशों का पालन करें और बर्फबारी वाले क्षेत्र में ड्राइविंग करने से बचें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके. मौसम विभाग ने हिमाचल में मंगलवार को भी बर्फ और बारिश की संभावना व्यक्त की है. मौसम विभाग के मुताबिक, 27 से 29 दिसंबर के बीच ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो सकती है. 

himachal pradesh snowfall in shimla snowfall snowfall in himachal pradesh

Description of the author

Recent News