यूपी के गोंडा जिले में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (Chandigarh-Dibrugarh Express) के कई डिब्बे पटरी से उतर जाने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम सात लोग घायल हो गए. रेलवे की मेडिकल वैन मौके पर पहुंच गई है और बचाव कार्य शुरू हो गया है. साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए गए हैं. लखनऊ में स्थापित हेल्पलाइन नंबर है- 8957409292 और गोंडा में हेल्पलाइन नंबर है-8957400965. इस नंबर पर संपर्क कर आप अपनों की खोज खबर ले सकते हैं.
उत्तर पूर्व रेलवे के सीपीआरओ पंकज सिंह ने एएनआई को बताया कि एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है और 7 लोग घायल हैं, जिनमें एक गंभीर रूप से घायल है. उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त ने बताया कि लखनऊ और बलरामपुर से एक-एक एनडीआरएफ टीम गोंडा भेजी गई है. ट्रेन दुर्घटना में बचाव कार्य के लिए पांच एंबुलेंस तैनात की गई हैं और मौके पर और एंबुलेंस भेजने के आदेश दिए गए हैं.
घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है. घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए तीन जिलों से एसडीआरएफ की टीमें भेजी गई हैं. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं.
साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है. देश के कई हिस्सों से ट्रेन के पटरी से उतरने की कई घटनाएं सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है. असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को भी दुर्घटना के बारे में जानकारी दी गई है. मुख्यमंत्री कार्यालय ने शोसल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सीएम हिमंत बिस्वा को उत्तर प्रदेश में डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के बारे में जानकारी दी गई है.