पटना : बिहार के मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद परिसर से बिहार पुलिस के लिए 48 पुलिस बसों, 30 चारपहिया वाहनों और 6 अत्याधुनिक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों और आवश्यक सुविधाओं से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके.
मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार की प्राथमिकता है कि बिहार पुलिस तकनीकी रूप से सक्षम होने के साथ-साथ बेहतर परिवहन और आपातकालीन संसाधनों से भी लैस हो. नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की रिस्पॉन्स टाइम में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे घटनास्थल पर पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी. साथ ही नियमित गश्त को और मजबूत बनाया जाएगा, जिससे अपराध नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी.
उन्होंने बताया कि छह नई एंबुलेंस के शामिल होने से दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. राहत एवं बचाव कार्यों की गति भी पहले से अधिक तेज और प्रभावी होगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक पुलिस व्यवस्था किसी भी विकसित राज्य की पहचान होती है. सरकार पुलिसकर्मियों को बेहतर संसाधन, प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराने के लिए निरंतर निवेश कर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि इन नए वाहनों से बिहार पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और जनता को अधिक सुरक्षित वातावरण मिलेगा.
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सशक्त पुलिस, सुरक्षित बिहार केवल एक नारा नहीं, बल्कि विकसित बिहार के निर्माण का मजबूत संकल्प है. सरकार कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाकर राज्य के सर्वांगीण विकास के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी.