नई दिल्ली: कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स में बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंडी हिंदू मंदिर में अज्ञात उपद्रवियों ने तोड़फोड़ की, जिसकी हिंदू महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज ने निंदी की है. उन्होंने दावा किया कि इस तरह की हरकतों का मतलब है कि उपद्रवियों को "अमेरिका में स्थानीय सरकार से सुरक्षा" मिल रही है और उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से उनके खिलाफ कार्रवाई करने का आह्वान किया.
उन्होंने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पहले हम पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों की बात करते थे, लेकिन अब हमारा धर्म इंग्लैंड और अमेरिका जैसे विकसित देशों में भी सुरक्षित नहीं है." उन्होंने कहा, "मुझे ट्रंप सरकार पर पूरा भरोसा है और मुझे उम्मीद है कि ऐसा करने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा और हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी... सभी विकसित देशों को हिंदुओं की सुरक्षा के लिए एक साथ आना चाहिए... कहीं न कहीं, अमेरिका में स्थानीय सरकार से नफरत करने वालों को सुरक्षा मिल रही है..."
विदेश मंत्रालय ने की निंदा
विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा की और कहा, "हमने कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स में एक हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की रिपोर्ट देखी है. हम इस तरह के घृणित कृत्यों की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. हम स्थानीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों से इन कृत्यों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पूजा स्थलों की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं."
पिछले साल भी मंदिर में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं, जिसमें 25 सितंबर को कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर पर हमला और उससे कुछ समय पहले न्यूयॉर्क में बीएपीएस मंदिर में इसी तरह की घटना शामिल है.
इसी बीच BAPS पब्लिक अफेयर्स कहा कि अमेरिका में एक और मंदिर अपवित्र किया गया. इस बार यह घटना कैलिफोर्निया में चीनो हिल्स में घटी है. उन्होंने कहा कि हिंदू समुदाय नफरत के खिलाफ पूरी दृढ़ता से खड़ा है. चीनो हिल्स और दक्षिणी कैलिफोर्निया में सभी समुदाय एक साथ है और हम कभी नफरत को सफल नहीं होने देंगे.