गाजियाबाद: दिल्ली एनसीआर के गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर हिंदू रक्षा दल के एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक 23 वर्षीय आयुष दिल्ली के गोकुलपुरी की संजय कॉलोनी का रहने वाला था और हिंदू रक्षा दल का कार्यकर्ता भी था.
जीटी रोड पर एमएमएक्स मॉल के सामने एक पुराने बैंक्वेट हॉल वाली जगह पर प्लॉटिंग हुई थी. पुलिस के अनुसार, नोमिता शर्मा का यहां बड़ा प्लॉट है. करीब ढाई साल पहले हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने इसका एक हिस्सा अपनी पत्नी पूनम के नाम खरीदा था. आयुष इसी प्लॉट की देखभाल के लिए रहता था.
दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. पिंकी चौधरी जहां दीवार बना रहे थे, नोमिता शर्मा उसे अपना हिस्सा बता रही थीं. दोनों पक्ष एक-दूसरे पर ग्रीन बेल्ट में निर्माण का भी आरोप लगा रहे थे.
कैसे हुई घटना?
शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे पिंकी चौधरी का बेटा सूर्या कुछ साथियों के साथ प्लॉट पर काम करा रहा था. तभी नोमिता शर्मा का जानकार शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 निवासी राहुल साहनी पैमाइश करने पहुंचा. दोनों पक्षों में विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट पर आ गया. सूर्या का आरोप है कि राहुल साहनी, नोमिता शर्मा, नरेश अरोड़ा और राहुल शर्मा काम रुकवाने आए और मारपीट शुरू कर दी. राहुल ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली आयुष के सीने में जा लगी.
सूर्या और उसके साथियों ने राहुल को पकड़ लिया, रिवॉल्वर छीन ली और उसे बुरी तरह पीटा. आयुष को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. आरोपी राहुल को भी गंभीर चोटें आईं, एक पैर टूट गया. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है और रिवॉल्वर बरामद की है.
मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. डीसीपी ट्रांस-हिंडन ऋजुल ने बताया कि चौकी प्रभारी नाहर सिंह, बीट एसआई शिवम यादव और बीट प्रभारी सिपाही लाखन सिंह को लाइन हाजिर किया गया है. इससे पहले दोनों पक्ष डीसीपी से मिले थे और कागजी कार्रवाई पूरी होने तक निर्माण पर रोक लगाने को कहा गया था. पुलिस आरोपी की रिवॉल्वर का लाइसेंस रद्द करने के लिए प्रशासन को रिपोर्ट भेजेगी.