नई दिल्ली: हरियाणा के रोहतक जिले के कहनी गांव में देर रात एक युवा विवाहिता सपना को उसके ही परिवार वालों ने गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया. सपना ने गांव के ही सूरज नाम के युवक से ती साल पहले प्रेम विवाह किया था, जिससे मायके वाले शुरू से ही खून के आंसू रो रहे थे. यह नाराजगी इतनी बढ़ गई कि उन्होंने हत्या तक कर डाली.
उस रात सूरज घर पर नहीं था. अचानक आए हमलावरों ने सपना पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं. बीच-बचाव करने पहुंचे उसके देवर साहिल को भी गोली लगी और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. साहिल को फौरन रोहतक पीजीआई के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने की जद्दोजहद कर रहे हैं.
सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी है. अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे. गांव में दहशत का माहौल है और लोग इस बर्बर कांड से सहमे हुए हैं.