लोकसभा में हंगामा! राहुल गांधी के 'मूर्ख' वाले बयान पर गरमा गया सदन, रिजिजू ने की कड़ी आपत्ति

Amanat Ansari 29 Jul 2026 05:30: PM 1 Mins
लोकसभा में हंगामा! राहुल गांधी के 'मूर्ख' वाले बयान पर गरमा गया सदन, रिजिजू ने की कड़ी आपत्ति

नई दिल्ली: एंटी-पेपर लीक बिल पर लोकसभा में चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी के एक शब्द ने पूरे सदन में तूफान खड़ा कर दिया. राहुल गांधी ने एक छात्र से हुई बातचीत का हवाला देते हुए इडियट्स (मूर्ख) शब्द का इस्तेमाल किया, जिस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने तुरंत आपत्ति जताई और इसे असंसदीय बताकर विरोध किया.

राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं में गहरी निराशा फैल रही है. उन्होंने एक 18 वर्षीय छात्र की बात बताते हुए कहा कि छात्र ने लोगों को तीन श्रेणियों में बांटा था, पहले में सच्चे छात्र, दूसरे में मूर्ख और तीसरे में उन लोगों को जो इन मूर्खों का अंधा समर्थन करते हैं. इस बयान के साथ ही सत्ता पक्ष बैंचों से जोरदार विरोध शुरू हो गया.

किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार इस असंसदीय शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो संसद की गरिमा के खिलाफ है. राहुल गांधी ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इरादा किसी खास व्यक्ति को मूर्ख कहना नहीं था, बल्कि वे छात्र की बात दोहरा रहे थे. उन्होंने आगे दूसरे शब्दों का इस्तेमाल करने की बात कही, लेकिन विवाद थमा नहीं.

यह हंगामा NEET-UG पेपर लीक जैसे मुद्दों पर बने एंटी-पेपर लीक बिल की चर्चा के दौरान हुआ, जिसमें युवाओं की निराशा और परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे. सदन में नारेबाजी के बीच स्पीकर को बार-बार हस्तक्षेप करना पड़ा. यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि पेपर लीक जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति कितनी तीखी हो सकती है.

Lok Sabha Parliament uproar Rahul Gandhi Kiren Rijiju

Recent News