झांसी: माफिया वह पूर्व सांसद अतीक अहमद के परिवार पर एक बार फिर मातम छा गया है. उनके सबसे छोटे बेटे अबान अहमद (21) की गुरुवार को झांसी-कानपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. कार डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. अबान के साथ एक दोस्त सोनू की भी मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं.
हादसा पूंछ थाना क्षेत्र में सुबह करीब 10:30 बजे हुआ. प्रयागराज से झांसी जेल में बंद भाई अली अहमद से मिलने जा रहे पांच युवक क्रेटा कार में सवार थे. पुलिस और चश्मदीदों के अनुसार, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया. जिस साइड पर अबान बैठे थे, उसी तरफ सबसे ज्यादा नुकसान हुआ.
बेटे की मौत के बावजूद परिवार की तरफ से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. अतीक अहमद की पत्नी और अबान की मां शाइस्ता परवीन 2023 से ही फरार हैं. उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी होने के कारण पुलिस उन्हें तलाश रही है. इनाम घोषित होने के बावजूद वे अभी तक नहीं मिलीं. पिता अतीक अहमद और चाचा अशरफ अहमद की अप्रैल 2023 में पुलिस हिरासत में हत्या कर दी गई थी.
परिवार के अन्य सदस्यों की स्थिति भी ऐसी ही है. दो बेटे जेल में हैं, एक एनकाउंटर में मारा जा चुका है. ऐसे में हादसे पर सवाल उठाने वाला कोई निकट संबंधी नजर नहीं आ रहा. झांसी पुलिस ने इसे सड़क हादसा बताया है. प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीडिंग का संकेत मिला है. कार पर पहले भी ओवरस्पीडिंग और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के कई चालान दर्ज हैं.
घायल साथी उमर ने बताया कि कार तेज रफ्तार में थी और नियंत्रण खो बैठी. अतीक अहमद के परिवार पर पिछले तीन साल में एक के बाद एक त्रासदियां आई हैं. अबान की मौत ने एक बार फिर इस परिवार के बिखरते इतिहास को याद दिला दिया है. पुलिस आगे की जांच कर रही है.