नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भोरे सीट से जन सुराज पार्टी की उम्मीदवार प्रीति किन्नर ने इतिहास रचा. राज्य में पहली बार किसी ट्रांसजेंडर व्यक्ति ने चुनावी मैदान में कदम रखा और 8,602 वोट हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया. हालांकि जीत जदयू के सुनील कुमार को मिली, जिन्होंने 1,01,469 वोट पाकर सीट पर कब्जा जमाया, जबकि सीपीआई-एमएल के धनंजय दूसरे नंबर पर रहे.
प्रीति ने कई स्थापित दलों के उम्मीदवारों को पीछे छोड़ते हुए आप और बसपा के प्रतिद्वंद्वियों से ज्यादा वोट बटोरे. नोटा को भी 7,500 से अधिक मत मिले, लेकिन प्रीति का प्रदर्शन इन सबके बीच उल्लेखनीय रहा. सामाजिक कार्यकर्ताओं के मुताबिक, एक ट्रांसजेंडर उम्मीदवार का मुख्यधारा की राजनीति में इतने वोटों के साथ उभरना समाज में बदलती सोच का संकेत है.
सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा प्रखंड के खाप गांव में जन्मीं प्रीति पिछले 22 साल से गोपालगंज के भोरे प्रखंड के कल्याणपुर गांव में रहती हैं. ट्रांसजेंडर महिला और समाजसेवी के तौर पर उन्होंने गरीबों-वंचितों की मदद को जीवन का मकसद बनाया.
अब तक अपने खर्च से 27 से ज्यादा गरीब लड़कियों की शादी करवा चुकी प्रीति का मानना है कि भेदभाव मिटाने के लिए सबको साथ लेकर चलना होगा. उनकी यह चुनावी एंट्री बिहार की राजनीति में समावेश की नई मिसाल बन गई.