कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभीजीत दिपके ने ऐलान किया है कि 'जंतर-मंतर' का सीजन 2 जल्द शुरू होने वाला है। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, "बहुत से लोग इंस्टाग्राम पर कमेंट कर रहे थे कि 'जंतर-मंतर' का सीजन 2 कब शुरू होगा। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि 'जंतर-मंतर' का सीजन 2 बहुत जल्द शुरू होने वाला है।"
नए आंदोलन का संकेत देते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभीजीत दिपके ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "आज दिल्ली में हमारी वॉलंटियर्स मीट होनी थी। इसके लिए हम एक हॉल की तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई भी हमें हॉल किराये पर देने के लिए तैयार नहीं था। हर जगह यही कहा जा रहा था कि ऊपर से दबाव है।"
सीजेपी नेता अभीजीत दिपके ने बताया कि बुधवार को सीजेपी के वॉलंटियर्स की बैठक होना तय है। उन्होंने दावा किया कि जिस हॉल में वॉलंटियर्स की बैठक होना तय हुआ था, वहां के मालिक को धमकी मिली। धमकी दिए जाने के आरोप को लेकर उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा देश के युवाओं से डरी हुई है। उन्होंने कहा, "अगर उन्हें लगता है कि ऐसी छोटी-मोटी हरकतों से हम डर जाएंगे, तो वे बहुत बड़ी गलतफहमी में हैं।"
नीट पेपर लीक मामले में जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के बाद हाल ही में अभीजीत दिपके ने सीजेपी को राजनीतिक दल के बजाय एक प्रेशर ग्रुप बताया था। सरकार और सीजेपी के बीच प्रदर्शनकारियों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने को लेकर भी बातचीत चल रही थी। बुधवार को सीजेपी संस्थापक अभीजीत दिपके अपने बयान में नए प्रदर्शन का संकेत देते नजर आए।