मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा में आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक परिवार के लिए प्रशासन की संवेदनशील पहल सामने आई है. मामला सामने आने के बाद मथुरा के जिलाधिकारी सीपी सिंह ने तत्काल इसका संज्ञान लिया और चारों बच्चों के साथ उनके दिव्यांग माता-पिता को कार्यालय बुलाकर उनकी स्थिति की जानकारी ली. इसके बाद परिवार की मदद के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले किए गए.
प्रशासन की पहल से परिवार को बड़ी राहत मिली है. चारों बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं को दूर करते हुए दो बच्चों की स्कूल फीस माफ करा दी गई है. वहीं, तीसरे बच्चे की फीस पहले से ही माफ है. चौथे बच्चे की फीस भी नहीं लगती है. इसके साथ ही सभी चारों बच्चों को प्रशासन की ओर से स्कूल बैग, किताबें और ड्रेस उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि आर्थिक परेशानी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने.
इतना ही नहीं, बच्चों की शिक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी को लेकर भी प्रशासन ने संवेदनशील कदम उठाया है. SDM ने चारों बच्चों को गोद लेने की पहल की है, इससे बच्चों की पढ़ाई और जरूरतों की लगातार निगरानी और सहायता सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी.
परिवार की स्थिति को देखते हुए बच्चों के दिव्यांग माता-पिता को दिव्यांग पेंशन दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी. प्रशासन के इन फैसलों से परिवार को आर्थिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
इस पूरी पहल ने यह संदेश दिया है कि जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए प्रशासन संवेदनशीलता के साथ आगे आए तो मुश्किल हालात में भी बच्चों के भविष्य को संवारा जा सकता है. परिवार की ओर से इस मदद को भगवान शिव का आशीर्वाद बताते हुए कहा गया कि भगवान शिव ने बच्चों का कल्याण कर दिया.