नई दिल्ली : महाराष्ट्र के पालघर जिले के तलासरी इलाके से 19 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, युवती अपने बॉयफ्रेंड के साथ उमरगांव बीच से लौट रही थी. इसी दौरान तलासरी के पास उनका दोपहिया वाहन फिसलकर सड़क पर गिर गया. आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और युवती के बॉयफ्रेंड को धमकाकर मौके से भगा दिया.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इसके बाद युवती को जबरन अपने साथ एक सुनसान पड़े डाक बंगले में ले गए. आरोप है कि वहां युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, वारदात में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है. पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
फिलहाल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो संदिग्धों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकता है.