अमित शाह कल दोपहर 3 बजे विपक्ष के सवालों का देंगे जवाब, बोले- सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं

Global Bharat 12 Aug 2026 02:54: PM 1 Mins
अमित शाह कल दोपहर 3 बजे विपक्ष के सवालों का देंगे जवाब, बोले- सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं

मॉनसून सत्र के 18वें दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “सभी लोग अपने सवाल लिखकर दें। मैं कल तीन बजे सबके जवाब दूंगा।” गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि विपक्षी दल अपने सवाल लिखकर स्पीकर को सौंपें। वह कल तीन बजे सभी सवालों का जवाब देंगे।

अमित शाह ने कहा कि मैं सत्र शुरू होने के बाद से लगातार संसद आ रहा हूं। मैं अपने कक्ष में बैठता हूं, लेकिन विपक्ष दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है। ऐसे में कोई क्या कर सकता है?

वहीं, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह पर छात्र प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने और कीलों वाली लाठी चलाने का आदेश देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर अमित शाह ने ऐसा आदेश दिया था तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। पिछले 20 दिनों से अमित शाह 'लापता' हैं। भारत के गृह मंत्री में हिम्मत नहीं है। वह सदन में नहीं आ सकते।

मॉनसून सत्र के अंतिम दिनों में सरकार लंबित विधेयकों को पारित कराने की कोशिश में है। गृह मंत्री अमित शाह राज्यसभा में दो अहम विधेयक पेश कर सकते हैं, जिनमें केरल (अल्टरेशन ऑफ नेम) बिल, 2026 और नेशनल को-ऑपरेटिव डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (अमेंडमेंट) बिल, 2026 शामिल हैं।

दरअसल, मॉनसून सत्र के दौरान विपक्ष ने गृह मंत्री अमित शाह पर सदन की कार्यवाही में शामिल न होने को लेकर जमकर निशाना साधा है। 20 जुलाई को 'संसद चलो मार्च' के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़प के लिए विपक्ष गृह मंत्री से जवाब मांग रहा है।

Amit Shah Rahul Gandhi Student Protest Lok Sabha Parliament Monsoon Session

Description of the author

Recent News