भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भाजपा के उच्चस्तरीय नेतृत्व को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है, जिसमें उन्होंने निजी कारणों को इस्तीफे का कारण बताया है। शहजाद पूनावाला की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वह जल्द ही इस पर आधिकारिक बयान जारी कर सकते हैं।
शहजाद पूनावाला अपनी कुशल बहस करने की कला और प्रधानमंत्री मोदी के कट्टर समर्थक के तौर पर जाने जाते हैं। इस्तीफे की अटकलों के बीच शहजाद पूनावाला के X अकाउंट की बायो में भाजपा का जिक्र नहीं है। हालांकि, उनकी बायो में "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन समर्थक" लिखा हुआ है। वहीं, उनकी इंस्टाग्राम बायो में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता होने का जिक्र है।
शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। 2017 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी की आंतरिक चुनाव प्रक्रिया का खुलकर विरोध किया था। इस विवाद के बाद कांग्रेस पार्टी और उनके भाई तहसीन पूनावाला ने उनसे दूरी बना ली। इसके बाद शहजाद पूनावाला भाजपा में शामिल हो गए और उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया।
शहजाद पूनावाला भारतीय जनता पार्टी के प्रखर वक्ताओं में से एक हैं। 2021 में उन्हें दिल्ली भाजपा सोशल मीडिया विभाग का प्रभारी बनाया गया। वह पेशे से वकील हैं।