इंदौर से महू तक चलने वाली ट्रेन अक्सर एक स्टेशन पर रुक जाती है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह मामला मध्य प्रदेश के राऊ, रंगवासा रोड से सामने आ रहा है, जहां इंदौर से महू तक चलने वाली डेमू ट्रेन रुक जाती है और ट्रेन का लोको पायलट समोसा खरीदने जाता है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रेन के लोको पायलट को समोसा खरीदते हुए देखा जा सकता है और ट्रेन रुकी हुई है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों ने यह दावा किया कि अक्सर ट्रेन लोको पायलट द्वारा स्टेशन पर रोककर 10 मिनट के लिए रुकती है और लोको पायलट समोसा खरीदने जाता है, जिससे यात्रा में देरी होती है। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे के पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने जांच के लिए वीडियो संबंधित विभाग को भेज दिया है, जिसमें यह भी पता लगाया जाएगा कि ट्रेन सिग्नल के कारण रोकी गई थी या बिना किसी कारण के रोकी गई थी। अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि लोको पायलट द्वारा ट्रेन रोक दी जाती है, जिसके बाद लोको पायलट खुद नीचे उतरकर समोसे की दुकान के पास समोसे खाते हैं, जिससे ट्रेन निर्धारित समय से देर से पहुंचती है। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।