नई दिल्ली: मध्य प्रदेश का विश्व विख्यात कुबरेश्वर धाम, जहां देश-दुनिया से लाखों श्रद्धालु बाबा कुबरेश्वर की पूजा करने आते हैं, वहाँ अब एक शर्मनाक घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है. पवित्र धाम के ठीक सामने बने होटलों में ठहरे एक दंपति का बेहद निजी पल किसी ने छिपकर मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया और फिर बेखौफ होकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
घटना कुबरेश्वर धाम के मुख्य मार्ग पर स्थित होटल “डमरू वाला” के कमरा नंबर 201 की है. राजस्थान से आए एक पति-पत्नी यहाँ दो दिन के लिए रुके थे. सामने वाली होटल “उपासना पैलेस” के कुछ कर्मचारियों ने खिड़की से झांककर उनका अंतरंग वीडियो बना लिया. सिर्फ 2 मिनट 11 सेकंड का यह क्लिप जैसे ही वायरल हुआ, पूरा इलाका सन्न रह गया.
वीडियो में साफ दिख रहा था कि कपल को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि कोई उन्हें देख रहा है. वीडियो वायरल होने के कुछ घंटे बाद ही होटल डमरू वाले के मालिक-कर्मचारियों को इसकी जानकारी मिली. उन्होंने तुरंत डायल-112 पर कॉल किया. पुलिस मौके पर पहुंची और सामने वाली होटल से चार-पांच युवकों को पकड़कर मंडी थाने ले गई.
लेकिन हैरानी की बात यह है कि पूछताछ के नाम पर कुछ देर रखने के बाद सभी को छोड़ दिया गया. न तो कोई FIR दर्ज हुई, न ही मोबाइल जब्त किए गए. इससे स्थानीय लोग और श्रद्धालु भड़क गए हैं. उनका कहना है कि इतने बड़े धार्मिक स्थल पर महिलाओं-दंपतियों की निजता और सुरक्षा के साथ इस तरह का खिलवाड़ हुआ और पुलिस ने सिर्फ खानापूर्ति की.
अब सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से फैल रहा है और लोग सवाल उठा रहे हैं. इस घटना ने न सिर्फ उस दंपति की जिंदगी उजाड़ दी, बल्कि कुबरेश्वर धाम आने वाले करोड़ों भक्तों की आस्था को भी गहरा आघात पहुंचाया है. लोगों की मांग है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और धाम परिसर में ठहरने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा-निजता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.