ILLEGAL BANGLADESHI: देश के अंदर छिपे बैठे अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार जारी है, इसी कड़ी में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरियाणा के नूंह जिले में छापा मारा है, जहां 23 बांग्लादेशी अवैध तरीके से छिपे बैठे थे, इन सभी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, पुलिस ने नूंह के बाजड़का गांव में छापा मारा था, जहां एक ईंट भट्टा है, पुलिस को सूचना मिली थी कि इस भट्टे पर बड़ी संख्या में बांग्लादेशी छिपे हुए हैं, ये सभी भट्टे पर मजदूरी का काम कर रहे थे. जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में हैं.
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
देश में लगातार अवैध लोगों की वजह से लगातार अपराध भी बढ़ रहा है, जिसकी वजह से सरकार पहले ही सभी अवैध विदेशियों को बाहर निकालने का फैसला कर चुकी है, हरियाणा पुलिस भी इसी काम में लगी हुई है, जगह-जगह छापेमारी करके अवैध लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है, ऐसे में नूंह पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि बाजड़का गांव में बने ईंट भट्टे पर कई अवैध बांग्लादेशी छिप कर रह रहे हैं. इसी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ये बड़ी सफलता हासिल की है.
अवैध रूप से रह रहे थे सभी बांग्लादेशी
पुलिस के प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया है कि ये सभी विदेशी अवैध तरीके से भारत मे रह रहे थे. इनके पास कोई भी वैध दस्तावेज और पहचान पत्र भी नहीं था, पुलिस को इनकी संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाएं भी प्राप्त हो रही थीं. जिसके बाद एक स्पेशल टीम बना कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. जब पुलिस टीम इन लोगों के पास पहुंची और इनके कागजात मांगे तो किसी के पास कोई वैध दस्तावज नहीं मिला, जिसके बाद इन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
मानव तस्करी गिरोह की भी हो सकती है भूमिका
इतनी बड़ी संख्या में बांग्लादेशियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस कई अन्य एंगल पर भी जांच कर रही है, पुलिस को इस बात का भी शक है कि इतने लोग एक भट्टे पर काम कर रहे थे तो इसमें किसी मानव तस्कीर या किसी और तरह के गिरोह का हाथ भी हो सकता है. यही वजह है कि पुलिस पूरी जांच करने में जुटी है कि ये लोग भारत कब, कैसे और किस तरह से पहुंचे थे, इन लोगों ने किसकी मदद से सीमा पार की, हालांकि सूत्रों के हवाले से ये खबर भी सामने आई है कि कुछ लोगों ने शुरूआती पूछताछ में बताया है कि कुछ बिचौलिये इन्हें सीमा पार करके यहां तक पहुंचाते हैं.
पुलिस के इस एक्शन के बाद नूंह के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी हड़कंप मच गया है, जिन जगहों पर मजदूर ज्यादा हैं उन जगहों पर सबसे ज्यादा टेंशन का माहौल देका जा रहा है. पुलिस ने भट्टा मालिकों और अन्य कंपनियों के मालिकों को भी सीधी चेतावनी दी है, कि अगर बिना सत्यापन किये किसी भी मजदूर को काम के लिए रखा गया तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.