नई दिल्ली: मौसम विभाग (IMD) ने तेज गर्मी के बीच पूर्वी और उत्तरी भारत के कई इलाकों में अचानक मौसम बदलाव की चेतावनी दी है. 14 राज्यों में आंधी, तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. हवाओं की रफ्तार 50-65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, साथ ही कुछ जगहों पर बिजली गिरने का भी खतरा है.
उत्तर प्रदेश में अलर्ट पर प्रशासन
उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित 14 राज्यों को अलर्ट किया गया है. दिल्ली-NCR में 6 से 10 मई के बीच अधिकतम तापमान 37°C से 39°C तक पहुंच सकता है. उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. लखनऊ समेत आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल और हल्की बारिश हो सकती है.
बिहार में तूफान और भारी बारिश
पूर्वी यूपी में तेज आंधी, बिजली गिरने और 40-60 किमी/घंटा हवाओं का अलर्ट. कुछ जिलों में ओले गिरने की भी आशंका है. मध्य प्रदेश में 6 मई को कई जिलों में गरज, बिजली, ओलावृष्टि और 50-60 किमी/घंटा तेज हवाएं चल सकती हैं. 10 मई के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. बिहार में 6 से 8 मई तक पूरे राज्य में तूफान, भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा. पूर्वी चंपारण, गया और औरंगाबाद सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं.
राजस्थान में 45-46°C तक जा सकता है पारा
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से जयपुर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग में आंधी-बारिश संभव है. अगले 3-4 दिन गतिविधियां कम हो सकती हैं. 8 से 11 मई के बीच पश्चिमी भागों में गर्मी फिर बढ़ने की संभावना, तापमान 45-46°C तक जा सकता है. झारखंड में 9 मई तक कई जिलों में बारिश, गरज और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. आज 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है. तापमान में 4°C तक गिरावट संभावना है.
हिमाचल, उत्तराखंड में सतर्कता
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग आदि में भारी बारिश-आंधी, 50-60 किमी/घंटा हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. हिमाचल के मंडी, शिमला, कांगड़ा, सोलन आदि जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पंजाब के होशियारपुर, लुधियाना, पटियाला, गुरदासपुर आदि में येलो अलर्ट. 40-50 किमी/घंटा हवाओं के साथ बिजली गिरने का खतरा है. इन इलाकों में रहने वाले लोग खुले में न निकलें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें, और मौसम अपडेट चेक करते रहें.