अगर कोई भी दुस्साहस किया, तो इस बार पूरा पाकिस्तान धुआं-धुआं होगा, मुनीर को भारत की सीधी धमकी

Amanat Ansari 14 Aug 2025 07:09: PM 1 Mins
अगर कोई भी दुस्साहस किया, तो इस बार पूरा पाकिस्तान धुआं-धुआं होगा, मुनीर को भारत की सीधी धमकी

नई दिल्ली: भारत ने गुरुवार को पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के हालिया धमकी भरे बयानों पर कड़ा जवाब दिया, जिसमें उसने इस्लामाबाद पर अपनी घरेलू विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए भारत विरोधी बयानबाजी करने का आरोप लगाया. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमने पाकिस्तानी नेतृत्व की ओर से भारत के खिलाफ लापरवाह, युद्ध भड़काने वाले और घृणास्पद बयानों का सिलसिला देखा है. यह उनकी अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए बार-बार भारत विरोधी बयानबाजी करने का उनका जाना-माना तरीका है.

उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी गलत हरकत का दर्दनाक परिणाम होगा, जैसा कि हाल ही में देखा गया. विदेश मंत्रालय का इशारा मई में हुए सैन्य गतिरोध की ओर था, जब भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के बाद पाकिस्तान के ड्रोन और मिसाइल हमले का कड़ा जवाब दिया था.

विदेश मंत्रालय की यह टिप्पणी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय द्वारा मुनीर के बयान का बचाव करने के बाद आई, जिसमें मुनीर ने अमेरिका दौरे के दौरान कथित तौर पर कहा था कि अगर भारत से कोई वास्तविक खतरा हुआ, तो इस्लामाबाद "आधा विश्व अपने साथ ले डूबेगा." भारत ने इन बयानों को परमाणु हथियारों की धमकी बताते हुए अत्यंत गैर-जिम्मेदाराना करार दिया और इसे क्षेत्रीय व वैश्विक सुरक्षा के लिए खतरा बताया.

नई दिल्ली ने यह भी चिंता जताई कि इस तरह की धमकियां उस सैन्य प्रतिष्ठान से आ रही हैं, जो आतंकवादी समूहों के साथ साठगांठ में है. और इससे पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं. भारत ने मुनीर के ऐसे बयानों को एक मित्रवत तीसरे देश की धरती पर देने की भी आलोचना की.

पाकिस्तान ने भारत के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उसकी परमाणु नीति पूरी तरह से नागरिक नियंत्रण में है और उसने रणनीतिक मामलों में हमेशा अनुशासन और संयम बरता है. उसने चेतावनी दी कि भारत की किसी भी आक्रामकता का तत्काल और बराबरी का जवाब दिया जाएगा.

रिपोर्ट्स के अनुसार, मुनीर ने अमेरिका में एक निजी कार्यक्रम के दौरान उद्योगपति मुकेश अंबानी के जामनगर रिफाइनरी को निशाना बनाने की धमकी भी दी थी. भारत ने अपने पड़ोसी देश की धमकियों की निंदा करते हुए बार-बार जोर दिया है कि वह अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाता रहेगा.

india pakistan asim munir india warn pakistan india warn asim munir

Recent News