IFS Pooja Jha : बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित एक विदेश नीति एवं क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े सेमिनार के दौरान जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाने वाले नक्शे पर भारत ने कड़ा विरोध दर्ज कराया. यह विवाद उस समय पैदा हुआ जब पूर्व बांग्लादेशी राजदूत तारिक ए. करीम अपने मुख्य भाषण के दौरान एक प्रस्तुति दिखा रहे थे, जिसमें भारत का नक्शा गलत तरीके से प्रदर्शित किया गया था.
कार्यक्रम में मौजूद ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग की द्वितीय सचिव पॉलिटिकल एंड इन्फॉर्मेशन पूजा कुमारी झा ने तुरंत आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रस्तुत किया गया नक्शा तथ्यात्मक रूप से गलत है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है तथा यहां प्रदर्शित नक्शा सही नहीं है.
यह सेमिनार बांग्लादेश इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एंड स्ट्रैटेजिक स्टडीज द्वारा आयोजित किया गया था. भारतीय अधिकारी की आपत्ति के बाद वक्ता तारिक ए. करीम ने सफाई देते हुए कहा कि नक्शा केवल प्रतिनिधिक उद्देश्य के लिए इस्तेमाल किया गया था और इसका मकसद वास्तविक राजनीतिक सीमाओं को दर्शाना नहीं था.
पूजा कुमारी झा भारतीय उच्चायोग में राजनीतिक और सूचना संबंधी मामलों को देखती हैं. उनके तत्काल हस्तक्षेप को भारत की उस कूटनीतिक नीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत देश अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से जुड़े मामलों पर किसी भी मंच पर तुरंत प्रतिक्रिया देता है. भारत ने इस घटना के जरिए एक बार फिर अपना स्थायी रुख दोहराया कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और उसकी सीमाओं को लेकर किसी भी प्रकार की गलत प्रस्तुति स्वीकार नहीं की जाएगी.