नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है. सरहद पार से एक बार फिर हिंदुस्तान को दहलाने का साजिश रची जा रही है. इस बार कारगिल की तरह आतंकियों के साथ पाकिस्तानी सेना भी कंधे से कंधा मिलाकर बॉर्डर पार कर रही है. सूत्रों की मानें तो ये एक बार फिर पुलवामा जैसा हमला करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन भारतीय सेना के जवानों ने इन सभी पाकिस्तानियों को मुठभेड़ में मार गिराया है.
दरअसल 14 फरवरी साल 2019 में पाकिस्तान ने भारतीयों को एक जख्म दिया था. जब पुलवामा में ब्लास्ट कर हमारे देश के वीर जवानों की धोखे से जान ली थी और फिर उसके बाद भारतीय सेना ने भी एयरस्ट्राइक कर पाकिस्तान को घुटनों पर लाने में ज्यादा वक्त नहीं लगाया था. 6 साल बाद फिर पाकिस्तान वही हरकत दोहराने की तैयारी में था, लेकिन भारतीय सेना ने 4 फरवरी को करीब 7 पाकिस्तानी घुसपैठियों को ढेर कर दिया.
दावा किया जा रहा है कि मारे गए लोगों में से 3-4 लोग पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम (BAT) के मेंबर थे. ये टीम क्रॉस बॉर्डर ऑपरेशन करने में महिर होती है. सूत्रों की मानें तो ये सभी आतंकियों के साथ मिलकर भारत में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे. साथ ही ऑपरेशन में जो आतंकवादी मारे गए हैं वो अलबद्र ग्रुप के हो सकते हैं. इस घुसपैठ की बड़ी बात ये है कि घटना उस समय हुई जब पाक पीएम शहबाज शरीफ ने सारे मसले बातचीत के साथ सुलझाने की बात की थी, लेकिन एक तरफ बातचीत और दूसरी तरफ नापाक हरकत जारी है.