बद्रीनाथ: पवित्र बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और दान की राशि के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आने के बाद श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने तुरंत संज्ञान लिया है. सोशल मीडिया पर वायरल आरोपों के बाद समिति ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए हैं.
सोशल मीडिया पर दावे किए जा रहे हैं कि बद्रीनाथ मंदिर में भक्तों द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे और दान की राशि में अनियमितताएं बरती जा रही हैं. इस गंभीर आरोप को देखते हुए BKTC चेयरमैन हेमंत द्विवेदी ने कहा कि समिति ने 24 घंटे के अंदर ही कार्रवाई शुरू कर दी है.
समिति के फैसले
BKTC चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि चेयरमैन के निजी सचिव वाली खबर गलत है. जो व्यक्ति चर्चा में है, वह समिति का नियमित कर्मचारी है. CEO सोहन सिंह रंगड़ ने बताया कि मंदिर परिसर के CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है. हालांकि, उपलब्ध फुटेज पर्याप्त स्पष्ट नहीं है. BKTC चेयरमैन हेमंत द्विवेदी ने कहा, ''भक्तों के आस्था के केंद्र बद्रीनाथ धाम में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. हम इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं.''
यह घटना अयोध्या राम मंदिर चढ़ावे विवाद के बीच आई है, जिससे धार्मिक स्थलों पर पारदर्शिता को लेकर सवाल और मजबूत हो गए हैं. जांच रिपोर्ट का इंतजार है. समिति ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.