तनाव के बीच पहली बार सामने आएंगे ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा! तारीख का हुआ खुलासा, पिता की मौत के बाद उड़ी थी अफवाह

Rahul Jadaun 12 Jul 2026 06:08: PM 2 Mins
तनाव के बीच पहली बार सामने आएंगे ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा! तारीख का हुआ खुलासा, पिता की मौत के बाद उड़ी थी अफवाह

इंटरनेशनल डेस्क: ईरान के नए सर्वोच्च नेता को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई आगामी मंगलवार (14 जुलाई) को तेहरान में अपने दिवंगत पिता अयातुल्लाह अली खामनेई के सम्मान में एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन करने जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि मोजतबा स्वयं इस सभा में प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहेंगे या नहीं।

पिता की मौत के बाद से बने हुए हैं रहस्य

जारी की गई घोषणा के मुताबिक, दिवंगत ईरानी नेता के लिए इस शोक सभा का आयोजन मंगलवार को शाम 5 बजे से 7 बजे तक किया जाएगा। जारी किए गए आधिकारिक नोटिस में इसे 'शहीद मुजाहित इमाम की श्रद्धांजलि सभा' का नाम दिया गया है। उल्लेखनीय है कि अपने पिता की मृत्यु के बाद से ही मुज्तबा खामेनेई किसी भी सार्वजनिक मंच पर नजर नहीं आए हैं, जिसके कारण उनके बारे में कई तरह की अफवाहें भी उड़ रही थीं।

इससे पहले आयोजित हुए खामेनेई के साप्ताहिक शोक कार्यक्रम से भी मोजतबा पूरी तरह गायब रहे थे। हालांकि, उस दौरान उनके तीन अन्य भाइयों—मुस्तफा, मेसम और मसूद खामेनेई ने सभा में पहुंचकर प्रार्थना का नेतृत्व किया था। वे तीनों इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसाला में रखे ताबूतों के समीप खड़े दिखाई दिए थे, जहां हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे। वहां अयातुल्लाह खामनेई, उनकी बेटी, दामाद, बहू और उनकी 14 महीने की पोती के पार्थिव शरीर रखे गए थे।

पिता की मौत का बदला लेने का दृढ़ संकल्प

इसी बीच, शनिवार को मोजतबा खामेनेई के नाम से कई सोशल मीडिया पोस्ट जारी किए गए, जिसमें उन्होंने अपने पिता की मौत का प्रतिशोध लेने का कड़ा संकल्प दोहराया है। ज्ञात हो कि पूर्व सुप्रीम लीडर की मौत 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए एक हमले में हो गई थी, जिसके बाद से ही पूरे मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में भीषण युद्ध छिड़ गया। इस साप्ताहिक शोक अवधि के दौरान भी लगातार हमलों की खबरें आती रहीं।

दूसरी तरफ, सुरक्षा के मोर्चे पर तनाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में खुद की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। वहीं, ईरान ने भी उन लोगों की एक 'मोस्ट वांटेड' सूची तैयार करने का दावा किया है, जिन्हें वे निशाना बनाने वाले हैं। यह पूरी बयानबाजी 17 जून को हुए युद्धविराम (सीजफायर) समझौते के टूटने के बाद शुरू हुई है, जिसने क्षेत्र में तनाव को एक बार फिर चरम पर पहुंचा दिया है।

#IranNews #MojtabaKhamenei #Tehran #MiddleEastCrisis #DonaldTrump #Khamenei #GlobalPolitics

Recent News