फ्लोरिडा: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के सबसे बड़े बेटे यैर नेतन्याहू पर अमेरिका के फ्लोरिडा में ईरान की हत्या की साजिश रची गई थी, जिसे नाकाम कर दिया गया. न्यूजमैक्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी एजेंटों ने साउथ फ्लोरिडा में यैर की निगरानी की थी.
रिपोर्ट में अमेरिकी कानून प्रवर्तन स्रोत का हवाला देते हुए कहा गया कि 35 वर्षीय यैर मियामी इलाके में रह रहे थे. दिसंबर 2025 में इजरायली खुफिया एजेंसी को इस साजिश की जानकारी मिली और उन्होंने अमेरिकी अधिकारियों को अलर्ट किया. ईरानी ऑपरेटिव पहले से ही मियामी में मौजूद थे और यैर के घर व मूवमेंट्स पर नजर रख रहे थे.
यैर, जो इजरायली सुरक्षा दल के साथ यात्रा करते हैं, को तुरंत फ्लोरिडा छोड़ने का निर्देश दिया गया. वे अपना सामान भी नहीं ले सके और इजरायल लौट गए. तब से वे वहीं हैं. द टाइम्स ऑफ इजरायल ने भी इस रिपोर्ट की पुष्टि की.
इससे पहले नेतन्याहू ने सोमवार को इजरायली चैनल 14 से कहा था, “ईरान ने मेरे एक बेटे को निशाना बनाया. उसने मेरे एक बेटे की हत्या की कोशिश की.” उन्होंने नाम नहीं लिया था. अब स्पष्ट हुआ कि निशाना यैर थे.
नेतन्याहू ने परिवार की सुरक्षा का बचाव करते हुए कहा कि उनकी पत्नी सारा और बेटों यैर व अवनेर के लिए सुरक्षा जरूरी है, वरना धमकियां सफल हो सकती थीं. जुलाई में इजरायल ने परिवार के लिए सुरक्षा बढ़ाई थी.
यह साजिश उस समय सामने आई है जब ईरान की ओर से अमेरिकी और इजरायली नेताओं व उनके परिवारों के खिलाफ धमकियां बढ़ी हैं. हाल ही में ईरानी राज्य टीवी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे बैरोन ट्रंप को निशाना बनाते हुए एक वीडियो प्रसारित किया था.