अहमदाबाद: गुजरात के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक बेहद डरावना हादसा सामने आया। एक्सप्रेसवे पर रफ्तार भर रही एक करोड़ों रुपये की लग्जरी कार 'जगुआर एक्सजे-एल' (Jaguar XJ-L) में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लग्जरी कार आग का गोला बन गई और धुएं का गुबार आसमान छूने लगा। यह घटना नादियाड के पास की बताई जा रही है। बीच हाईवे पर कार में लगी इस भयानक आग को देखकर वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित हो गया।
शॉर्ट सर्किट बनी आग की वजह, बाल-बाल बचे सवार
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, जगुआर कार अहमदाबाद से वडोदरा की तरफ जा रही थी। तभी नादियाड के पास अचानक कार के अगले हिस्से (इंजन कंपार्टमेंट) से धुआं निकलने लगा। कार चला रहे व्यक्ति ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी को हाईवे के किनारे रोका। जैसे ही कार में सवार लोग नीचे उतरे, आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि समय रहते कार के लॉक खुल गए और उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बताया जा रहा है कि आग लगने की मुख्य वजह कार के इंजन में हुआ शॉर्ट सर्किट है।
दमकल विभाग ने बमुश्किल पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम और नादियाड दमलक विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर्स ने बिना वक्त गंवाए आग बुझाने का काम शुरू किया। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि जब तक उस पर काबू पाया जाता, तब तक करोड़ों रुपये की यह कीमती जगुआर कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। कार का ढांचा पूरी तरह से कोयला बन चुका था।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
एक्सप्रेसवे जैसी हाई-स्पीड सड़क पर हुए इस हादसे के कारण नादियाड के पास गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से साइड करवाया और एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक को सुचारू रूप से बहाल किया। पुलिस ने इस मामले की डायरी दर्ज कर ली है और तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है कि इतनी महंगी और सुरक्षित मानी जाने वाली लग्जरी कार में अचानक शॉर्ट सर्किट कैसे हुआ।