भारतीय जनता पार्टी (BJP) जम्मू और कश्मीर में विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर कमर कस ली है. इस बीच भाजपा राज्य प्रमुख रविंदर रैना ने गुरुवार को नौशेरा विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इस दौरान रविंदर रैना जीत को लेकर आश्वस्त दिखे. उन्होंने कहा कि पूरे केंद्र शासित प्रदेश में, चाहे वह जम्मू हो या कश्मीर हो, नौशेरा हो या कोई अन्य क्षेत्र, हर जगहा BJP की मजबूत लहर है.
उन्होंने कहा कि आप देख सकते हैं कि हजारों BJP कार्यकर्ता इस चुनाव अभियान में बड़े उत्साह और जुनून के साथ शामिल हो रहे हैं. रविंदर रैना ने उम्मीद जताई है कि जब यहां मतदान होगा, तो भारी बहुमत से BJP की सरकार बनेगी. रविंदर रैना ने कहा कि BJP जम्मू और कश्मीर में बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके गठबंधन सहयोगी नेशनल कॉन्फ्रेंस पर निशाना साधा.
रविंदर रेना ने राहुल गांधी और उनके सहयोगी नेताओं पर क्षेत्र के महाराजाओं का अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग कांग्रेस और उनके गठबंधन को करारा जवाब देंगे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनके गठबंधन सहयोगी NC ने हमेशा जम्मू-कश्मीर के बहुत सम्मानित महाराजाओं का अपमान किया है, इसलिए जम्मू-कश्मीर के लोग निश्चित रूप से इनको जवाब देंगे.
इसी बीच मेंढर विधानसभा क्षेत्र से एक और BJP प्रत्याशी मुर्तजा खान ने भी गुरुवार को अपना नामांकन पर्चा भरा. मीडिया से बात करते हुए मुर्तजा खान ने कहा कि कल आखिरी तारीख है इसलिए मैंने आज अपना नामांकन दाखिल करने का फैसला किया. कल से प्रचार-प्रसार शुरू हो जाएगा. उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग की सिफारिश को स्वीकार कर लिया है, इसके लिए हम BJP सरकार के आभारी हैं.
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में 90 विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें से 7 सीटें अनुसूचित जाति (SC) और 9 सीटें अनुसूचित जनजाति ST) के लिए आरक्षित किए गए हैं. राज्य में में 88.06 लाख मतदाता हैं. पिछले विधानसभा चुनावों में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) ने 28, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 25, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) ने 15 और कांग्रेस ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी. अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के यह पहला चुनाव है.