जौनपुर : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शादी के लिए बारात लेकर जा रहे एक युवक की बदमाशों ने रास्ते में गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद शादी वाले घर में जहां जश्न का माहौल था, वहां मातम छा गया. जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी 21 वर्षीय आजाद कुमार की बारात खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव जा रही थी. दूल्हा कार में बैठकर बारात के साथ दुल्हन के घर की ओर बढ़ रहा था. दुल्हन पक्ष ने स्वागत की पूरी तैयारी कर रखी थी और बारात गांव के करीब पहुंच चुकी थी.
इसी बीच मनेछा गांव के पास बाइक सवार कुछ हमलावरों ने दूल्हे की कार को रोक लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने दूल्हे को कार से बाहर निकाला और उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी. अचानक हुई वारदात से बारातियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. गंभीर रूप से घायल दूल्हे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और व्यक्तिगत विवाद के एंगल पर पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शादी तय होने को लेकर कुछ लोगों में नाराजगी थी और इसी वजह से घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है.
घटना के बाद दोनों परिवारों में गहरा शोक है. जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है. परिजनों का आरोप है कि दूल्हे को पहले से धमकियां मिल रही थीं. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है. इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.