JDU नेता विजय चौधरी ने कहा, ‘हम NDA में हैं और रहेंगे’, चंद्रबाबू नायडू ने भी दी प्रतिक्रिया

Global Bharat 05 Jun 2024 04:37: PM 1 Mins
JDU नेता विजय चौधरी ने कहा, ‘हम NDA में हैं और रहेंगे’, चंद्रबाबू नायडू ने भी दी प्रतिक्रिया

लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद राजनीतिक नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं. इसी कड़ी में बिहार के पटना में  JDU नेता विजय चौधरी ने कहा कि  हम NDA में हैं और रहेंगे. हम साथ मिलकर लड़े हैं और आगे भी साथ मिल कर रहेंगे.

आगे उन्होंने कहा कि राजनीति में ये सब चलता रहता है लेकिन पार्टी का फैसला यही है. हमारा नेतृत्व फैसला लेगा. हमारे नीतीश कुमार मंत्रिमंडल का फैसला लेंगे. बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) को अपने दम पर बहुमत नहीं मिला है.

बीजेपी की कुल सीटें 240 पर ही अटक गई है, जिसके बाद अब उसे सरकार बनाने के लिए सहयोगियों जरूरत पड़ी है और उन सहयोगियों में सबसे बड़ी भूमिका जदयू नेता और बिहार के सीएम नीतीश कुमार और टीडीपी नेता व आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू की है.

ऐसे में केंद्र की नई सरकार को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं. इस बीच दिल्ली में सरकार गठन पर चर्चा को लेकर बुधवार को होने वाली एनडीए की मीटिंग को लेकर एन चंद्रबाबू नायडू ने भी अपना रुख साफ कर दिया है.

चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि आप चिंता मत करिए. आप न्यूज़ चाहते हैं. मैंने देश में कई राजनीतिक बदलाव होते हुए देखे हैं, लेकिन मैं एनडीए में ही रहूंगा.

उन्होंने कहा कि मैं एनडीए की मीटिंग में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहा हूं. उन्होंने आगे आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) विधानसभा चुनाव में जीत और लोकसभा चुनाव में टीडीपी (TDP) के शानदार प्रदर्शन को लेकर मतदताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि हम एनडीए में ही बने रहेंगे.

 

Recent News