नई दिल्ली: झारखंड के राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की रविवार शाम जमशेदपुर के बालीगुमा इलाके में गोली लगने से मौत हो गई. उनके सिर में गोली लगी थी और बाएं हाथ में एक पिस्तौल मिली. पुलिस ने उनकी मोटरसाइकिल भी बरामद की है. यह घटना पंजाब ढाबा के पास हुई. विनय सिंह शनिवार सुबह से लापता थे. उनके परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की थी.
पुलिस ने उनके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और रविवार शाम को बालीगुमा के एक खेत में उनका शव बरामद किया. पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बचन देव कुजूर ने बताया कि विनय सिंह सुबह घर से निकले थे और उनके परिवार ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की थी. जांच में एक देसी पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद हुई.
हमलावरों ने की गोलीबारी
पुलिस के अनुसार, विनय सिंह कुछ लोगों के साथ घर लौट रहे थे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर एक होटल के पास हमलावरों ने उन पर गोलीबारी की. गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं पर ध्यान दे रही है.
समर्थकों ने हाईवे जाम की
विनय सिंह की मौत की खबर फैलते ही उनके समर्थकों में आक्रोश फैल गया. रविवार देर रात करणी सेना के सदस्यों ने जमशेदपुर को कोलकाता और ओडिशा से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-33 को डिमना चौक के पास जाम कर दिया. लगभग दो घंटे तक हाईवे बंद रहा. समर्थकों ने हत्यारों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की.
आश्वासन के बाद जाम खत्म
रात करीब 1 बजे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से सहयोग करने की अपील की. उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा. इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटा लिया.
पहले भी करणी सेना प्रमुख की हत्या
गौरतलब है कि दिसंबर 2023 में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था. पुलिस ने इस मामले में विस्तृत जांच शुरू कर दी है. सभी संभावित कारणों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है ताकि हत्यारों तक पहुंचा जा सके.