बिहार के अररिया जिले में पुलिस लॉकअप में जीजा-साली की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने थाने में आग लगा दी है. घटना ताराबाड़ी थाना के हाजत की है. गुरुवार को हिरासत में लिए गए जीजा-साली की रात में मौत के बाद शुक्रवार को ग्रामीण उग्र हो गए. ग्रामीणों ने पुलिस की पिटाई से मौत होने की आशंका को लेकर ताराबाड़ी थाना का घेराव कर जमकर नारेबाजी करते हुए तोड़फोड़ और आगजनी की.
आक्रोशित लोगों ने थाना में रखे समानों की तोड़फोड़ की और थाना को आग को हवाले कर दिया है. इस दौरान पुलिसकर्मियों के ऊपर जमकर पथराव किया गया. पथराव में सदर एसडीपीओ समेत आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं.
मीडिया रिपोर्ट से जानकारी मिली है कि गुरुवार की रात ताराबाड़ी थाना के हिरासत में लिए गए एक नाबालिग और उनके प्रेमी जीजा ने पुलिस कस्टडी में ही खुदकुशी कर ली. पुलिस के लापरवाही के कारण पुलिस को मौत का जिम्मेदार मानते हुए आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा काटा.
वहीं आक्रोशित लोग पुलिस पर पिटाई करने के कारण मौत होने का अरोप लगा रहे हैं. फिलहाल पुलिस कुछ भी बताने को तैयार नहीं है. सूचना मिलते ही क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग ताराबाड़ी थाना पहुंचकर पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी कर रहे हैं. साथ ही पुलिस पर पत्थरबाजी भी कर रहे हैं.