"तेज प्रताप से जान को खतरा", किस नेता ने इतना बड़ा आरोप लगा दिया?

Amanat Ansari 28 Dec 2025 09:22: PM 1 Mins

नई दिल्ली: बिहार में जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) को लेकर एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता और श्री माधव सेना के अध्यक्ष संतोष रेणु यादव ने जेजेडी के संरक्षक तेज प्रताप यादव पर गंभीर इल्जाम लगाया है. संतोष का दावा है कि तेज प्रताप उनके खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं, जिससे उनकी जान को खतरा है.

इस डर से संतोष रेणु ने पटना के बेऊर पुलिस स्टेशन में लिखित आवेदन दिया है. साथ ही, उन्होंने बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर सरकारी सुरक्षा प्रदान करने की अपील की है. अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि हालिया घटनाओं से उनकी इमेज को नुकसान पहुंचाने की कोशिशें हो रही हैं, जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. संतोष ने चेतावनी दी कि अगर उनके साथ कुछ अनहोनी हुई तो इसके लिए तेज प्रताप ही जिम्मेदार होंगे.

संतोष ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वे डरे हुए नजर आ रहे हैं और सरकार से निष्पक्ष जांच तथा सुरक्षा की मांग कर रहे हैं. वे मानसिक तनाव में होने की बात कह रहे हैं. दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब कुछ दिन पहले तेज प्रताप यादव ने संतोष रेणु यादव के खिलाफ पटना के सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. तेज प्रताप ने आरोप लगाया था कि संतोष ने उन्हें धमकियां दीं और जान से मारने की बात कही, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में है.

इसके बाद तेज प्रताप ने भी गृह मंत्री से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी. इसके पहले तेज प्रताप ने संतोष को पार्टी से निकाल दिया था, क्योंकि उन पर पुलिस भर्ती में दलाली और पार्टी की विचारधारा के खिलाफ काम करने के आरोप थे. दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है, जिससे बिहार की सियासत में हलचल मची हुई है.

Bihar News Bihar politics Tej Pratap Yadav JJD

Recent News