नई दिल्ली: दिल्ली के पॉश इलाके वसंत विहार में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. कमला पसंद पान मसाला और राजश्री गुटखा कंपनी के मालिक कमल किशोर चौरसिया की बड़ी बहू दीप्ति चौरसिया (40) ने अपने घर में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उनका शव कमरे में लटका हुआ मिला. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और जांच जारी है.
सूत्रों के मुताबिक, दीप्ति ने सुसाइड नोट में किसी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन भावनात्मक रूप से टूटे हुए अंदाज में लिखा है, “जब किसी रिश्ते में न प्यार बचा हो, न भरोसा बचा हो, तो उस रिश्ते में रहने का और जिंदा रहने का कोई मतलब नहीं रह जाता… अब मुझे भरोसा नहीं रहा.” वहीं दीप्ति के मायके वालों ने ससुराल पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
उनका दावा है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना और पारिवारिक कलह की वजह से उनकी बेटी ने यह कदम उठाया. पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर केस को आगे बढ़ाया है. दीप्ति की शादी साल 2010 में कमल किशोर चौरसिया के बड़े बेटे हरप्रीत चौरसिया से हुई थी. दोनों का एक 14 साल का बेटा भी है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि हरप्रीत की दूसरी शादी एक साउथ इंडियन फिल्म अभिनेत्री से हुई है, जिसके बाद दीप्ति लंबे समय से तनाव में थीं.
हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट, परिवार के बयानों और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है. एक अमीर और चर्चित बिजनेस फैमिली का यह मामला अब दिल्ली पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.