मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कांवड़िया ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा को कथित तौर पर धमकी देता दिखाई दे रहा है. वीडियो में युवक कहते हुए सुनाई देता है, ज्यादा वर्दी का गुरूर हो तो बता दो अभी, 5 मिनट में उतरवा दूंगा.
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब कांवड़ यात्रा से जुड़े कुछ युवक एक डीजे वाहन के ऊपर चढ़े हुए थे. पुलिस का कहना है कि भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा ने उन्हें वाहन के ऊपर से नीचे उतरने के लिए कहा. इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते बहस तेज हो गई.
वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर और कांवड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक दिखाई देती है. इसी दौरान एक युवक पुलिस इंस्पेक्टर को खुलेआम धमकी देता है. आसपास मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया.
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली और सहारनपुर समेत पूरे कांवड़ मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी की जा रही है.
मुजफ्फरनगर में इस बार हजारों एआई आधारित कैमरे और फेस रिकग्निशन सिस्टम भी लगाए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके.
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान की जा रही है. जांच के बाद यदि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस अधिकारी को धमकी देने या कानून-व्यवस्था भंग करने की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.