नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ई20 इथेनॉल नीति के खिलाफ एक और बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने सोमवार को घोषणा की कि मंगलवार 4 अगस्त को वह प्रधानमंत्री आवास तक मार्च करेंगे.
केजरीवाल ने कहा कि वह अपने साथ 100 ऐसे लोगों को लेकर जाएंगे, जो पुलिस की लाठियों और जेल जाने से नहीं डरते. उन्होंने लोगों से अपील की कि ज्यादा भीड़ की जरूरत नहीं है. जो शामिल होना चाहते हैं, वे उन्हें मैसेज करें या टैग करें.
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री को संबोधित ऑनलाइन याचिका शुरू की गई थी, जिस पर अब तक 2 लाख 33 हजार से ज्यादा लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं. केजरीवाल दोपहर 12 बजे अपने कार्यालय से इन 100 लोगों के साथ पीएम आवास की ओर रवाना होंगे और व्यक्तिगत रूप से यह याचिका सौंपना चाहते हैं.
आप नेता ने केंद्र सरकार से तीन मांगें रखीं - पेट्रोल पंपों पर ई20 और शुद्ध पेट्रोल दोनों का विकल्प हो, ई20 शुद्ध पेट्रोल से सस्ता हो और पेट्रोल की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर से कम हो. उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि जब तक ई100 अनुकूल वाहन नहीं बनते, तब तक नई गाड़ी न खरीदें.