kerala news : केरल में डेयरी विकास मंत्री बिंदु कृष्णा उस समय चर्चा में आ गईं, जब उनके ऊपर गर्म पायसम (खीर) गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह घटना कोल्लम में महिलाओं के लिए शुरू की गई मुफ्त बस यात्रा योजना "प्रियदर्शिनी" के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान हुई।
जानकारी के अनुसार, मंत्री बिंदु कृष्णा योजना के उद्घाटन के बाद केएसआरटीसी बस में यात्रा कर रही थीं। बस यात्रियों और समर्थकों से खचाखच भरी हुई थी। इसी दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता मंत्री का स्वागत करने के लिए पायसम लेकर बस में पहुंचे। भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच पायसम से भरा बर्तन असंतुलित हो गया और गर्म खीर मंत्री के सिर व कपड़ों पर गिर गई।
अचानक हुई इस घटना से मंत्री अपनी सीट से उठ खड़ी हुईं और कुछ देर के लिए बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि यह हादसा पूरी तरह दुर्घटनावश हुआ बताया जा रहा है और किसी भी तरह की साजिश या जानबूझकर की गई हरकत की पुष्टि नहीं हुई है।
राहत की बात यह रही कि मंत्री को कोई गंभीर चोट नहीं आई। उन्होंने खुद को साफ किया और बाद में कार्यक्रम को जारी रखा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।