नई दिल्ली: बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें एक दक्षिण कोरियाई महिला यात्री के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है. यह घटना 19 जनवरी को हुई बताई जा रही है. महिला ने इमिग्रेशन और सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद आरोपी कर्मचारी से सामना किया. आरोपी, जिसकी पहचान मोहम्मद अफ्फान अहमद या अफान अहमद के रूप में हुई है, ने महिला को रोककर बैगेज में बीप की आवाज आने का बहाना बनाया.
उसने दावा किया कि अगर काउंटर पर दोबारा जांच हुई तो फ्लाइट में देरी हो सकती है. इसके बाद उसने महिला को 'पर्सनल चेकिंग' के नाम पर वॉशरूम (कुछ रिपोर्टों में पुरुष टॉयलेट) के पास ले जाकर बिना उसकी मर्जी के अनुचित तरीके से छुआ, गले लगाया और छाती सहित निजी अंगों को छूने की कोशिश की.
जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने 'ओके, थैंक यू' कहकर वहां से चला गया. सदमे में आई महिला ने तुरंत एयरपोर्ट सिक्योरिटी को सूचित किया. सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया, जिसमें सीसीटीवी फुटेज से भी घटना की पुष्टि हुई.
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75 के तहत जांच चल रही है. आरोपी एयर इंडिया SATS के ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ के रूप में काम करता था और उसके पास कोई आधिकारिक तलाशी का अधिकार नहीं था. पुलिस आगे की जांच में आरोपी के पिछले रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है.