कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत पर भड़के केजरीवाल, सोनिया गांधी से मिलने पहुंची पीड़िता

Amanat Ansari 24 Dec 2025 11:09: PM 1 Mins
कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत पर भड़के केजरीवाल, सोनिया गांधी से मिलने पहुंची पीड़िता

नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्नाव बलात्कार मामले में दोषी ठहराए गए भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा को अपील लंबित रहने तक निलंबित कर दिया और उन्हें सशर्त जमानत दे दी. कोर्ट ने कहा कि सेंगर अब तक सात साल से अधिक जेल काट चुके हैं, इसलिए यह राहत दी गई.

हालांकि, पीड़िता के पिता की हिरासत में मौत के अलग मामले में 10 साल की सजा होने से फिलहाल वे जेल से बाहर नहीं आएंगे. जमानत की शर्तों में 15 लाख रुपये का मुचलका, तीन जमानतें और पीड़िता के घर से 5 किलोमीटर दूर रहने जैसे नियम शामिल हैं.

इस फैसले के बाद पीड़िता और उनकी मां ने दिल्ली के इंडिया गेट पर विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया. इस घटना की वीडियो वायरल होने पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया दी.

उन्होंने लिखा कि भाजपा शासन में न्याय उल्टा चल रहा है—पीड़ितों को लाठियां और डर मिलता है, जबकि आरोपियों को संरक्षण. उन्होंने इसे सिस्टम की नाकामी के साथ-साथ सत्ता की सोच का प्रतिबिंब बताया.

महिला अधिकार कार्यकर्ता योगिता भयाना ने भी कोर्ट के फैसले पर गुस्सा जताया और सोशल मीडिया पर सवाल उठाए कि ऐसे न्याय से देश की बेटियों की रक्षा कैसे होगी. पीड़िता ने इस फैसले को अपने परिवार के लिए 'काल' बताया और सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की बात कही. बाद में पीड़िता अपनी मां और कार्यकर्ता के साथ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के आवास पहुंचीं, जहां उन्होंने अपनी व्यथा साझा की. पीड़िता ने बताया कि वे अपनी स्थिति से गुजर रही परेशानियों को बताना चाहती थीं और न्याय की मांग कर रही थीं.

उन्होंने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और राष्ट्रपति से भी मुलाकात की इच्छा जताई. यह पूरा मामला 2017 का है, जब उन्नाव में एक नाबालिग लड़की के साथ सेंगर पर गंभीर आरोप लगे थे, जिसने पूरे देश में आक्रोश पैदा किया था.

Kuldeep Singh Sengar Unnao rape victim Arvind Kejriwal Sonia Gandhi

Recent News