AAP दफ्तर के बाहर लगे कुमार विश्वास की राम कथा के पोस्टर

Amanat Ansari 03 May 2026 03:04: PM 1 Mins
AAP दफ्तर के बाहर लगे कुमार विश्वास की राम कथा के पोस्टर

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के पुराने साथी कुमार विश्वास का नाम एक बार फिर पार्टी के मुख्यालय तक पहुंच गया है, लेकिन इस बार राजनीतिक मंच पर नहीं बल्कि एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए. दिल्ली में AAP के दफ्तर के बाहर और कुछ नेताओं के घरों के आसपास लगे पोस्टरों ने सुर्खियां बटोर ली हैं.

इन पोस्टरों में कुमार विश्वास द्वारा 6 मई को दिल्ली विधानसभा में प्रस्तुत होने वाले 'अपने-अपने राम' नामक संगीतमय राम कथा कार्यक्रम का प्रचार किया गया है. सबसे दिलचस्प बात पोस्टर पर लिखा निमंत्रण है, ''आप भी आमंत्रित हैं''. यह वाक्य AAP के नाम से जोड़कर देखा जा रहा है और इसे पार्टी पर तंज के रूप में व्याख्या किया जा रहा है.

पोस्टर न सिर्फ पार्टी मुख्यालय बल्कि सांसद संजय सिंह के घर के बाहर भी रात में लगाए गए. शहर के कई चौराहों और प्रमुख जगहों पर भी ये होर्डिंग्स दिखाई दे रहे हैं. कुमार विश्वास 6 मई को दिल्ली विधानसभा में भगवान राम की कथा संगीतमय रूप में पेश करेंगे. दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि राम केवल धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के आदर्श हैं. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, उपराज्यपाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, विधायक और अन्य गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है.

कुमार विश्वास और AAP का रिश्ता

कुमार विश्वास AAP के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं. अन्ना हजारे के आंदोलन से निकली पार्टी के शुरुआती दिनों में वे केजरीवाल के सबसे प्रमुख चेहरों में से एक थे. उन्होंने अमेठी से लोकसभा चुनाव भी लड़ा था. बाद में पार्टी के अंदर मतभेद बढ़े और कुमार विश्वास ने खुलकर AAP और केजरीवाल पर आरोप लगाए.

उन्होंने दावा किया था कि पार्टी मूल विचारधारा से भटक गई है, आंतरिक लोकतंत्र खत्म हो गया है और फैसले एक व्यक्ति पर केंद्रित हो गए हैं. AAP इन आरोपों को लगातार खारिज करती रही है. अब कुमार विश्वास की राम कथा और उसके प्रचार वाले पोस्टर AAP के लिए पुरानी यादों और मौजूदा तनाव को एक साथ सामने ला रहे हैं.

Kumar Vishwas Ram Katha AAP office poster Aam Aadmi Party Kumar Vishwas

Recent News