कुशीनगर : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के विशुनपुरा इलाके में स्थित मदरसा कादरिया हकीकतुल उलूम इन दिनों एक पंखे को लेकर चर्चा में आ गया है. मामला तब सामने आया जब मदरसे का एक खराब पंखा मरम्मत के लिए स्थानीय मैकेनिक अकबर के पास भेजा गया. मैकेनिक ने पंखे पर मेड इन पाकिस्तान लिखा देखा तो इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं.
सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया और लोगों ने इसकी जांच की मांग शुरू कर दी. कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि आखिर पाकिस्तान में बना पंखा मदरसे तक कैसे पहुंचा. मामले को लेकर स्थानीय पुलिस भी सतर्क हो गई और जानकारी जुटाना शुरू कर दिया.
मदरसे के संचालक ने सफाई देते हुए कहा कि यह पंखा किसी संदिग्ध तरीके से नहीं आया है. उनका दावा है कि उनका बेटा कई सालों से सऊदी अरब में काम करता है और वही यह पंखा वहां से भेजकर लाया था..संचालक के मुताबिक उन्हें खुद नहीं पता था कि पंखा पाकिस्तान में निर्मित है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि पंखा किस माध्यम से भारत पहुंचा. शुरुआती जांच में फिलहाल कोई आपत्तिजनक सामग्री या संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है, लेकिन वायरल तस्वीरों के बाद इलाके में चर्चा जरूर तेज हो गई है.