पटना: लालू प्रसाद यादव की बेटी और राजद नेता रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर आग उगल दी है. पिता को किडनी दान करने को लेकर उन पर और उनकी किडनी पर की जा रही घटिया टिप्पणियों से क्षुब्ध रोहिणी ने चुनौती भरे लहजे में लिखा है कि पहले वे लोग खुद किडनी दान करके दिखाएं, जो उनकी किडनी को गंदा बता रहे हैं.
रोहिणी ने एक्स पर लंबा पोस्ट लिखा, ''जो लोग लालू जी के नाम पर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, वे अस्पतालों में अंतिम सांसें ले रहे उन लाखों गरीबों के लिए आगे आएँ जिन्हें किडनी का इंतज़ार है. झूठी हमदर्दी और कीबोर्ड पर बहादुरी दिखाना छोड़ें, लालू जी के नाम पर अपनी किडनी दान करें.''
उन्होंने सीधे निशाना साधते हुए लिखा, ''पिता को किडनी देने वाली शादीशुदा बेटी को गलत ठहराने वालों में हिम्मत हो तो खुले मंच पर मेरे सामने आकर बहस करें. पहले वे लोग किडनी दान करके महादान का उदाहरण दें, फिर हरियाणा वाले महापुरुष दें, चमचे पत्रकार दें और उनके भक्त ट्रोल्स दें जो मुझे दिन-रात गालियाँ देते हैं. एक बोतल खून देने से जिनका खून सूख जाता है, वे मुझे किडनी दान की नैतिकता सिखा रहे हैं?''
गौरतलब है कि बिहार चुनाव में राजद की हार और परिवार में चल रहे आंतरिक कलह के बीच रोहिणी पहले भी कई बार भावुक और आक्रामक पोस्ट कर चुकी हैं. इस बार उन्होंने साफ कर दिया है कि वे अपने पिता को किडनी देने के फैसले पर कोई समझौता या माफ़ी नहीं मांगेंगी, बल्कि हर आलोचक को उसी कसौटी पर कसेंगी. सोशल मीडिया पर उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और एक बार फिर लालू परिवार के अंदरूनी तनाव को सबके सामने ला रहा है.