नई दिल्ली : गाजियाबाद में राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू यादव के परिवार की एक खास तस्वीर सामने आई है. लालू प्रसाद यादव के पोते इराज यादव के जन्मदिन समारोह में पूरा परिवार एक साथ नजर आया. इस कार्यक्रम में राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव समेत परिवार के कई सदस्य शामिल हुए. जन्मदिन का यह आयोजन लालू यादव के समधी और समाजवादी पार्टी नेता जितेंद्र यादव के गाजियाबाद स्थित फार्म हाउस पर रखा गया था. कार्यक्रम की तस्वीरें सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी इसकी चर्चा तेज हो गई है.
सबसे ज्यादा ध्यान इस बात ने खींचा कि लंबे समय बाद तेजप्रताप यादव और तेजस्वी यादव एक साथ बेहद सहज अंदाज में दिखाई दिए. परिवार के सभी सदस्य एक साथ मंच पर नजर आए और जन्मदिन समारोह में खुशी का माहौल दिखा. तस्वीरों में लालू प्रसाद यादव भी परिवार के साथ मुस्कुराते नजर आए. बताया जा रहा है कि समारोह में करीबी रिश्तेदारों और खास मेहमानों को आमंत्रित किया गया था. सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों को आरजेडी समर्थक भी काफी शेयर कर रहे हैं. परिवार की एकजुटता वाली इन तस्वीरों को बिहार की राजनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है.