TMC विधायक हुमायूं का सपना रह जाएगा अधूरा, बंगला में नहीं बनेगी 'बाबरी मस्जिद'!

Amanat Ansari 26 Nov 2025 10:42: PM 2 Mins
TMC विधायक हुमायूं का सपना रह जाएगा अधूरा, बंगला में नहीं बनेगी 'बाबरी मस्जिद'!

मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के संवेदनशील मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद के नाम पर सियासत गरमाती जा रही है. टीएमसी के बागी विधायक हुमायूं कबीर के बेलडांगा में 'बाबरी मस्जिद' बनाने के प्लान को किसान ताजिमुद्दीन चौधरी ने साफ मना कर दिया है. विधायक अपनी 4 एकड़ जमीन पर मस्जिद की नींव रखने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन मालिक ने बेचने से इनकार करते हुए बुधवार सुबह ही जमीन की बाउंड्री चिह्नित कर दी. किसान ने कहा, "यह मेरी निजी संपत्ति है, मैं किसी को भी यहां घुसने या कुछ बनाने की इजाजत नहीं दूंगा."

हुमायूं कबीर, जो भारतपुर विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी विधायक हैं, ने दावा किया था कि बेलडांगा में 20 बीघा जमीन पर करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से 'बाबरी मस्जिद' बनेगी. यह प्लान 6 दिसंबर को, यानी अयोध्या में 1992 की बाबरी विध्वंस की 33वीं बरसी पर शिलान्यास के साथ शुरू होना था. विधायक ने पोस्टर भी छपवा दिए, जिनमें मुस्लिम धार्मिक नेताओं और समुदायिक हस्तियों के शामिल होने का जिक्र है. लेकिन जमीन मालिक के सख्त रुख ने पूरी योजना पर ब्रेक लगा दिया.

कबीर ने इससे हार न मानते हुए कहा, "बेलडांगा में कई वैकल्पिक जगहें उपलब्ध हैं. 6 दिसंबर को शिलान्यास होगा, चाहे कुछ भी हो जाए. अगर जरूरी हुआ तो मैं अपनी जान तक कुर्बान कर दूंगा. जिले की कानून-व्यवस्था सिर्फ मेरी जिम्मेदारी नहीं, लेकिन अगर हिंसा हुई तो हम भी लड़ेंगे." विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जहां वे इसे "धार्मिक सम्मान" का मुद्दा बता रहे हैं.

राज्यपाल ने कबीर को सख्त लहजे में चेतावनी दी है. उन्होंने कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने बाबरी विवाद को हमेशा के लिए सुलझा दिया है. बंगाल की शांतिपूर्ण संस्कृति पर कोई हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा." यह बयान मुर्शिदाबाद के 70% मुस्लिम बहुल इलाके में तनाव बढ़ाने वाली घटना के बाद आया है, जहां पोस्टरों ने सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ दिया है.

बीजेपी ने इसे खुली साजिश करार दिया. राज्य अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, "ममता बनर्जी ने बंगाल को अस्थिर करने की कोशिश की है. बाबरी मस्जिद का नाम लेकर वोटबैंक की राजनीति हो रही है. देश राम मंदिर के उत्सव में डूबा है, और यहां उन्माद फैलाने की कोशिश?" केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तंज कसा, "टीएमसी बाबरी मस्जिद की नहीं, 'बांग्लादेश' की नींव रख रही है." भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे "हिंदू-विरोधी राजनीति" बताया.

उधर, टीएमसी ने कबीर से दूरी बना ली है. पार्टी सूत्रों का कहना है कि विधायक का यह कदम "व्यक्तिगत" है, और आगामी विधानसभा चुनावों से पहले वोटबैंक साधने की चाल है. राजनीतिक विश्लेषक विश्वनाथ चक्रवर्ती कहते हैं, "मुर्शिदाबाद में अल्पसंख्यक वोटरों की संख्या ज्यादा है. कबीर जानते हैं कि सामाजिक-आर्थिक मुद्दों के अलावा धार्मिक कार्ड से फायदा हो सकता है. लेकिन यह जोखिम भरा है."

जिले में तनाव बढ़ने के साथ पुलिस अलर्ट पर है. हिंदुत्व संगठनों ने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है. फिलहाल, कबीर वैकल्पिक जमीन तलाश रहे हैं, लेकिन मामला सुप्रीम कोर्ट के फैसले और संवैधानिक भावनाओं से टकरा रहा है. बंगाल की सियासत में यह "बाबरी बम" चुनावी माहौल को और गरमा सकता है.

Humayun Kabir Babri Masjid Bengal TMC

Recent News