Gunfire on Maulana Amir Hamza: पाकिस्तान के लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक मौलाना आमिर हमजा पर गोलीबारी का मामला सामने आया है. गुरुवार सुबह करीब 10 बजे लाहौर के पैको रोड स्थित पिंडी स्टॉप के पास यह घटना हुई. आमिर हमजा एक स्थानीय टीवी चैनल में इंटरव्यू देने के बाद अपनी गाड़ी में घर लौट रहे थे.
उसी दौरान दो अज्ञात बाइक सवारों ने उनकी गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. हमले में आमिर हमजा के दाहिने हाथ में गोली लगी. सूत्रों के अनुसार गोली हाथ को छूकर निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
गाड़ी में उनके साथ पाकिस्तान के रिटायर्ड जज जस्टिस नजीर अहमद भी मौजूद थे, लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई. प्राथमिक इलाज के बाद आमिर हमजा को लाहौर पुलिस की सुरक्षा में उनके घर भेज दिया गया है. वहां वे पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं. लश्कर-ए-तैयबा की राजनीतिक शाखा पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग ने आमिर हमजा की तस्वीर जारी कर दावा किया है कि उनकी हालत स्थिर है और वह ठीक हैं.
हालांकि, लाहौर पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बता दें कि आमिर हमजा ने हाफिज सईद के साथ मिलकर लश्कर-ए-तैयबा की स्थापना की थी. भारत और अमेरिका दोनों ही देशों द्वारा इस संगठन को आतंकवादी संगठन घोषित किया जा चुका है.