Jammu and Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ी मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LET) का शीर्ष कमांडर अल्ताफ लाली (Altaf Lali) मारा गया. यह कार्रवाई 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले (Pahalgam terror attack) के जिम्मेदार आतंकियों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे व्यापक सुरक्षा अभियान का हिस्सा है, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी.
शुक्रवार को खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बांदीपोरा में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया. इस दौरान आतंकियों के साथ संपर्क स्थापित हुआ और गोलीबारी शुरू हो गई. शुरुआती गोलीबारी में एक आतंकी के घायल होने की खबर थी. इस मुठभेड़ में एक वरिष्ठ अधिकारी की सुरक्षा टीम के दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए.
घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. इसी बीच, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी श्रीनगर पहुंचे, जहां उन्हें बांदीपोरा में चल रहे अभियान की जानकारी दी गई. वे स्थिति की समीक्षा करेंगे और पहलगाम हमले के लिए जिम्मेदार लश्कर आतंकियों को पकड़ने की प्रगति का आकलन करेंगे.
एक अन्य घटनाक्रम में, शुक्रवार को पहलगाम हमले में शामिल माने जा रहे दो आतंकियों के घरों को सुरक्षा बलों और जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने नष्ट कर दिया. लश्कर आतंकी आदिल हुसैन ठोकर का बिजबेहरा में स्थित घर विस्फोटकों से उड़ा दिया गया, जबकि आसिफ शेख का त्राल में स्थित घर बुलडोजर से ध्वस्त किया गया. आदिल ठोकर पर आरोप है कि उसने पहलगाम के बैसरण घाटी में हमले की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में पाकिस्तानी आतंकियों की मदद की.
अनंतनाग पुलिस ने ठोकर और दो पाकिस्तानी आतंकियों - अली भाई और हाशिम मूसा - की जानकारी देने के लिए 20 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है. इन तीनों के स्केच भी जारी किए गए हैं, और सुरक्षा बलों ने हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है. पहलगाम हमले में 4-5 आतंकियों ने बैसरण घाटी के घने जंगल से निकलकर पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी.
कुछ बचे हुए लोगों ने बताया कि सैन्य वर्दी में आए आतंकियों ने उनकी पहचान पत्र देखे और गैर-मुस्लिमों को नजदीक से गोली मार दी. यह मुठभेड़ और कार्रवाई लश्कर के आतंकी नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है. सुरक्षा बलों का अभियान जारी है ताकि बाकी आतंकियों को भी पकड़ा जा सके.