नई दिल्ली: राजस्थान की राजधानी जयपुर से महज 50 किमी दूर एक गांव में शुक्रवार देर रात इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना हुई. प्रेम प्रसंग से बौखलाए लड़की के परिजनों ने प्रेमी और प्रेमिका को खेत में रंगे हाथों पकड़ा और दोनों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. पुलिस के अनुसार दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और कई महीनों से एक-दूसरे को पसंद करते थे.
अक्सर खेतों में मिलते-जुलते थे. लड़की वालों को पहले से शक था, इसलिए वे पीछा कर रहे थे. जैसे ही लड़की रात में प्रेमी से मिलने पहुंची, परिजन वहां जा धमके. गुस्साए परिजनों ने पहले दोनों को पीटा, फिर पेट्रोल डालकर मैचिस जला दी. दोनों की चीखें सुनकर आसपास के लोग दौड़े आए और किसी तरह कंबल-मिट्टी डालकर आग बुझाई. तब तक काफी देर हो चुकी थी.
घायलों को तुरंत बिचून सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया. SMS अस्पताल में भर्ती युवक के शरीर का करीब 60% और युवती का 30% हिस्सा जल चुका है. दोनों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है. मौके पर पहुंची दूदू पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. लड़की के परिजन मौके से फरार हैं.
पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है. हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई है. ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लोग इसे “ऑनर किलिंग” की कोशिश बता रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्त में होंगे.