तेहरान: ईरान के पास समुद्र में एक बड़ा हमला हुआ है. मोजाम्बिक के झंडे वाले एलपीजी टैंकर 'दिशा' पर शुक्रवार को ईरानी जलक्षेत्र में हमला किया गया. इस टैंकर पर 28 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार थे, जिससे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी. राहत की बात यह है कि ईरान में भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि सभी 28 भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित हैं.
दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रहा है. यह घटना अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई है. अमेरिकी सेना ने ईरान पर लगातार हमले किए हैं, जबकि होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर तनाव चरम पर है.
इस क्षेत्र से दुनिया की बड़ी ऊर्जा आपूर्ति होती है और ऐसे हमलों से अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल की कीमतों पर असर पड़ सकता है. भारतीय दूतावास की त्वरित प्रतिक्रिया और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा की पुष्टि ने इस घटना को लेकर फैली चिंता को कम किया है. विदेश मंत्रालय स्थिति पर नजर रखे हुए है.